Maha Kumbh उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि महाकुंभ से यूपी में 2 लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबार होगा. उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति जब महाकुंभ आएगा तो कम से कम अयोध्या, चित्रकूट, काशी और लखनऊ भी जाएगा. इन सब में वह कम से कम 5 हजार रुपए खर्च करेगा. इस हिसाब से 40 करोड़ लोग पांच-पांच हजार खर्च करेंगे तो 2 लाख करोड़ से ज्यादा का कारोबार होगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ की वजह से काशी-अयोध्या में भी बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं. मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ और बसंत पंचमी पर उससे भी ज्यादा लोग प्रयागराज आ रहे हैं. इसके लिए प्रशासन भी मुस्तैद है. मकर संक्रांति पर अयोध्या में 15 लाख लोगों ने रामलला के दर्शन किए लेकिन कोई अव्यवस्था नहीं हुई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में खासकर 2013 में ही जब महाकुंभ हुआ तो श्रद्धालुओं के लिए सरकार की तरफ से नाम मात्र की व्यवस्था थी. श्रद्धालु परेशान होते थे. लेकिन इस बार सरकार ने पूरा इंतजाम किया है. 2013 में मॉरिशस के प्रधानमंत्री आए तो उन्हें गंदगी दिखी. लेकिन वो 2019 में आए तो महाकुंभ बिल्कुल साफ नजर आया तो वो खुश दिखे. (तस्वीर साभार- माय योगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)