उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस मामले में गोरखपुर से सटे बस्ती जिले के गौर थाने में पुलिस ने एक केस दर्ज किया है. यहां एक व्हाट्सएप ग्रुप में धमकी भरा पोस्ट किया गया था. इस धमकी के बाद ग्रुप के एडमिन ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी.
ग्रुप एडमिन के मुताबिक एक अनजान नंबर ने ओपन लिंक के माध्यम से एड होने के बाद एक वीडियो भेजा, जिसमें दो लोगों की आवाज सुनाई दे रही है. जिसमें से एक आदमी सीएम योगी को बम से उड़ाने की बात कह रहा है और दूसरा आदमी उसकी बातों में हामी भरता सुनाई दे रहा है. 11 सेकेंड के इस वीडियो में एक व्यक्ति का चेहरा भी नजर आ रहा है.
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है. फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. ऐसा पहली दफा नहीं है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सोशल मीडिया पर धमकी दी गई है. फिर भी पुलिस किसी धमकी के मामले को हल्के में नहीं ले रही है. (तस्वीर साभार- MYogiAdityanath फेसबुक पेज से साभार)