उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराणा प्रताप और शिवाजी को याद करते हुए कहा कि हमारे सच्चे नायक तो छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप थे ये अकबर और औरंगजेब कभी नायक नहीं हो सकते. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राष्ट्र नायकों के आदर्श के बिना वर्तमान पीढ़ी आगे नहीं बढ़ सकती.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इतिहास में ऐसे नायक भी हुए हैं जिन्होंने कठिनाइयों का सामना करते हुए भी अपने आदर्शों और मूल्यों से समझौता नहीं किया. महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान योद्धाओं ने विदेशी हमलावरों के खिलाफ अपने प्राणों की बाजी लगा दी थी. महाराणा प्रताप ने तो घास की रोटी खाकर भी अपनी स्वतंत्रता की रक्षा की थी. शिवाजी महाराज ने औरंगजेब के जुल्मों के खिलाफ संघर्ष किया. वहीं गुरु गोविंद सिंह जी भी हमारे नायक थे.
अभी कुछ दिन पहले औरंगजेब को लेकर समाजवादी पार्टी नेता अबु आजमी के बयान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन पर जमकर निशाना साधा था. मुख्यमंत्री योगी ने कहा था कि – समाजवादी पार्टी अब डॉक्टर लोहिया के विचारों से भटक चुकी है और उसने औरंगजेब को अपना आदर्श बना लिया है. जो व्यक्ति छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत पर गर्व करने की बजाए औरंगजेब को अपना आदर्श मानता है, उसे पार्टी से निकाल देना चाहिए. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश भेजना चाहिए, जहां उनका उचित इलाज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि औरंगजेब भारत की आस्था पर हमला करने वाला शासक था और उसका मकसद देश का इस्लामीकऱण करना था. कोई भी सभ्य व्यक्ति अपनी संतान का नाम औरंगजेब नहीं रखना चाहेगा.
बता दें कि महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने कहा था कि औरंगजेब एक कुशल प्रशासक था. उसने मंदिरों के साथ-साथ मस्जिदों को भी नष्ट करने का काम किया था. उनके इस बयान के बाद से विवाद बढ़ गया है. उन्हें विधानसभा से निलंबित कर दिया गया है. शिवसेना ने अबू आजमी को देशद्रोही बताते हुए उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है. इस बीच अबू आजमी ने अपनी सफाई देते हुए अपना बयान वापस ले लिया है. उन्होंने कहा कि अगर मेरी बात से किसी को बुरा लगा है तो मैं अपना बयान वापस लेता हूं, विधानसभा का काम नहीं रुकना चाहिए.