उत्तर प्रदेश में योगी सरकार दैनिक उपभोग की वस्तुओं और नकली दवा के खिलाफ एक्शन में आ गई है. सरकार ने ऐसे काम को सामाजिक अपराध करार दिया है. खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए कि दैनिक उपभोग की वस्तुओं में मिलावटखोरों और नकली दवा का कारोबार करने वालों को सार्वजनिक रूप से चिन्हित किया जाए और उनकी तस्वीरें प्रमुख चौराहों पर लगाई जाएं. जिससे आम लोग भी उन्हें पहचान सकें और समाज में उनके प्रति नकारात्मक संदेश जाए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों से साफ कहा कि यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मसला है. जिससे किसी भी प्रकार का समझौता माफ नहीं किया जाएगा. दूध और उससे बने प्रोडक्ट की खास तौर से डेडीकेटेड टीम बनाकर इसकी निगरानी की जाए. मुख्यमंत्री योगी ने साफ कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों का स्वास्थ्य है. इसलिए इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ किया जाना चाहिए. (तस्वीर साभार- एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)