उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर स्कॉलरशिप शुरू करने का एलान किया है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह स्कॉलरशिप अंतरिक्ष प्रोद्योगिकी में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले करने वाले प्रदेश के छात्रों को सहायता प्रदान करेगी. उन्होंने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ऐसे अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा बनने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिक हैं. इसलिए हम अंतरिक्ष प्रोद्योगिकी में अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाने के इच्छुक छात्रों के लिए उनके नाम पर एक स्कॉलरशिप शुरू करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हाल के वर्षों में अंतरिक्ष शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है. उन्होंने कहा कि 4 साल पहले, यूपी में कोई भी यूनिवर्सिटी या संस्थान अंतरिक्ष प्रोद्योगिकी में कोई पाठ्यक्रम, डिग्री, डिप्लोमा या प्रमाणपत्र प्रदान नहीं करता था.
बता दें कि लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का नागरिक सम्मान किया. इस सम्मान समारोह में शुभांशु शुक्ला ने कहा कि जिस तरह का उत्साह और जिस तरह का एक्साइटमेंट मुझे देखने को मिला है. उससे मैं सच में बहुत कृतज्ञ महसूस कर रहा हूं. ऐसा लग रहा है जैसे मैं घर वापस आया हूं और यह बहुत अच्छा लगा. यहां आकर जिस तरह का एक्साइटमेंट देखने को मिला और जिस तरह का प्यार और सपोर्ट लोग दिखा रहे हैं. उससे मैं बहुत खुश हूं. उन्होंने कहा कि मेरा मिशन पूरा हो चुका है. लेकिन यहां से हमें और आगे बढ़ना है.
शुभांशु शुक्ला ने कहा कि – मुस्कुराइए कि आप लखनऊ में हैं का असली मतलब आज समझ में आया. दिल्ली में जितना स्वागत हुआ था, लखनऊ में उसका दोगुना प्यार मिला है. (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)