उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि हमें अमेरिकी टैरिफ से घबराने की जरूरत नहीं, वो टैरिफ लगाएगा तो हम दस रास्ता खोलेंगे. उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए एक नए मौके के द्वार खोलने का समय है. हमारी सरकार हर हालात में उद्यमियों और निर्यातकों के साथ खड़ी है. जब भी चुनौतियां आती हैं, वे अपने साथ अवसर भी लेकर आती हैं. अमेरिका ने टैरिफ लगाया है, लेकिन यह केवल एक देश का फैसला है. हम UAE, UK और दूसरे देशों के साथ free trade agreement की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. आने वाले वक्त में ये समझौते हमारे उद्योगों के लिए नए बाजार खोलेंगे.
भदोही में 49वें अंतर्राष्ट्रीय कालीन मेले और चोथे Carpet Expo के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने टैरिफ से पैदा हुए हालात पर काम करने के लिए एक हाईलेवल कमेटी का गठन किया है. उन्होंने कहा कि ग्यारह साल पहले कार्पेट उद्योग बंदी की कगार पर था. लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी के कार्पेट क्लस्टर को नई ताकत मिली है. (तस्वीर – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)