दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. भूटान यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्लास्ट के साजिशकर्ताओं को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा इस ब्लास्ट से पूरा देश हिल गया है. इस हमले के साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी और जांच एजेंसियां मामले की तह तक जाएंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि – आज मैं बहुत भारी मन से भूटान आया हूं. सोमवार शाम दिल्ली में जो भयानक घटना हुई. उससे सभी बहुत दुखी हैं. मैं प्रभावित परिवारों का दुख समझता हूं, आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है.
इस बीच सूत्रों के हवाले से मीडिया में खबरें चल रही हैं कि – जिस कार में धमाका हुआ था. उसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. जिसमें काला मास्क पहने एक शख्स बैठा है. इसका नाम डॉक्टर मोहम्मद उमर नबी बताया जा रहा है. इसने विस्फोटकों के साथ खुद को कार में उड़ा लिया. उधर मोहम्मद उमर नबी की मां और दो भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इसके अलावा उमर के एक दोस्त डॉ सज्जाद को भी हिरासत में लिया गया है.
बता दें कि सोमवार शाम दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार बम धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई. जबकि बीस से ज्यादा लोग घायल हो गए. ये धमाका इतना तेज था कि पांच-छह गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. जांच एजेंसियां इस घटना के आंतकी लिंक की जांच कर रहे हैं. क्योंकि सोमवार को ही दिल्ली के पास फरीदाबाद में 2900 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ है. (तस्वीर – नरेंद्र मोदी फेसबुक पेज से साभार)