भारत ने पाकिस्तान को अल्पसंख्यकों के मुद्दे को लेकर पाकिस्तान को खूब खरी खोटी सुनाई है. भारत ने कहा है कि अल्पसंख्यकों के साथ व्यवहार को लेकर जिस देश का रिकॉर्ड बेहद खराब है, उसे दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए. हम ऐसे देश की कथित टिप्पणियों को सिरे से खारिज करते हैं, जिसका इस विषय पर बेहद खराब रिकॉर्ड अपने आप में काफी कुछ कहता है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कई धर्मों से संबंधित अल्पसंख्यकों के साथ पाकिस्तान द्वारा किया गया भयावह और व्यवस्थित उत्पीड़न एक सर्वविदित तथ्य है. उंगली उठाने से इस सच्चाई को नहीं छिपाया जा सकता.
इससे पहले पाकिस्तान ने भारत में क्रिसमस के दौरान तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर अल्पसंख्यकों के साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर आरोप लगाए थे. उसने भारत सरकार पर मुसलमानों को टारगेट करने का आरोप लगाया था. जिसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.