बिहार में अब हिजाब पहन कर या फिर घूंघट में ज्वैलर शॉप पर आई महिलाएं जेवर नहीं खरीद सकेंगी. बिहार ज्वेलर्स एसोसिएशन ने यह फैसला लिया है. जिसके मुताबिक अब प्रदेश के सभी ज्वेलरी शॉप में हिजाब, नकाब या घूंघट में आने वाले महिलाओं को जेवरों के दुकानों में एंट्री नहीं दी जाएगी. इसके साथ ही साथ पुरुषों के लिए भी ऐसी ही पाबंदियां होगी. जैसे हेलमेट पहनकर या मास्क पहन कर आने वाले पुरुषों को भी ज्वेलरी शॉप में एंट्री नहीं मिलेगी. बिहार के कई दुकानों में इस आदेश की कॉपी लगा दी गई है.
बिहार ज्वेलर्स एसोसिएशन के इस फैसले के बाद विवाद शुरू हो गया है. जमात-ए-इस्लामी ने सर्राफा व्यापारियों के इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि अगर हिजाब पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं को खरीदारी से रोका जाता है तो वह जेवरों की खरीदारी नहीं करेंगी. राष्ट्रीय जनता दल ने इस फैसले पर आपत्ति जताई है, उसका कहना है कि सुरक्षा के नाम पर इस तरह का फैसला किया जाना गलत है. वहीं भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि यह भारत है, इस्लामिक कंट्री नहीं यहां हिजाब का क्या काम. (तस्वीर – प्रतीकात्मक)