उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार लोकतंत्र में कानून व्यवस्था किसी चुनाव में मुद्दा बनी. इसी का परिणाम है कि आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा किया और दोबारा सत्ता में आई. साल 2017 के बाद पुलिस की इमेज सुधरी और अराजकता वाला राज्य बदलकर सेफ यूपी के रूप में स्थापित हुआ. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी बीमारू राज्य से भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना. उन्होंने कहा कि विकास की पहली शर्त सुरक्षा है. यह बात उत्तर प्रदेश की पुलिस ने साबित किया.
लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा की शासन प्रशासन और उद्योग जगत मिलकर प्रदेश के विकास और सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस और जीरो करप्शन की नीति की वजह से ही व्यापारी भी सुरक्षा का अनुभव करते हैं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रहे हैं. प्रदेश की हर बेटी आज सुरक्षित है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के पास पर्याप्त पुलिस बल नहीं था, इस वजह से बड़ी चुनौतियों का सामना करना मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. राज्य अब हर बड़ी चुनौती का सामना करने में सक्षम है. (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)