उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान अभिभावकों और बच्चों को सीख देते हुए कहा कि बच्चों को इंटरनेट मीडिया का अत्यधिक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, इसका उतना ही इस्तेमाल करें, जितनी जरूरत है. इसकी जगह किताबों का इस्तेमाल करें. उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया का अत्यधिक इस्तेमाल घातक है. यही नहीं मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी कम से कम करें.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ये बातें लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान कही. जनता दर्शन में आए लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार आम जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है. आप सभी निश्चिंत हो कर जाइए. आप सभी की समस्याओं का निस्तारण होगा.
बच्चों के लिए क्यों खतरनाकर मोबाइल और इंटरनेट?
आज के डिजिटल दौर में बच्चों के बीच मोबाइल और इंटरनेट का बढ़ता इस्तेमाल चिंता का विषय बनता जा रहा है। जरूरत से ज्यादा मोबाइल चलाने से बच्चों की पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और उनकी एकाग्रता भी कम होने लगती है। लंबे समय तक स्क्रीन के सामने रहने से आंखों पर बुरा असर पड़ता है और नींद से जुड़ी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। इसके अलावा इंटरनेट पर मौजूद अनुचित सामग्री और सोशल मीडिया की लत बच्चों के मानसिक और भावनात्मक विकास को प्रभावित कर सकती है। इसलिए जरूरी है कि अभिभावक बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट के इस्तेमाल पर नजर रखें और उन्हें सीमित और सही तरीके से तकनीक का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास संतुलित बना रहे। ( तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)