उत्तर प्रदेश में एलपीजी की सप्लाई को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन में आ गए हैं. उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया है कि प्रदेश में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की घबराहट की स्थिति न बनने दी जाए. इस मामले में लोगों को सही जानकारी उपलब्ध हो. तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए यह निर्देश जारी किए हैं.
उन्होंने साफ कहा है कि किसी भी स्तर पर LPG की कमी उत्पन्न न होने पाए और जिन ग्राहकों ने एलपीजी की बुकिंग कराई है उन्हें निर्धारित नियमों के मुताबिक सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है जितना कि अफवाहों के जरिए प्रसारित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिया है कि अगर जमाखोरी और कालाबाजारी की बात सामने आती है तो उसे मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और सख्त कार्रवाई की जाए.