उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की तरह काशी से रामेश्वरम की यात्रा करने वालों को भी विशेष सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी. कैलाश मानसरोवर की यात्रा से लौटे 565 श्रद्धालुओं को एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि वितरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में तीर्थ यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और राष्ट्र को एकता के सूत्र में भी पिरोने का सशक्त माध्यम रही है.
रामेश्वरम से काशी को जोड़ने का संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के दो तीर्थ स्थल एक दूसरे को जोड़ते हैं. एक बाबा विश्वनाथ का धाम और दूसरा रामेश्वरम. भविष्य में श्रद्धालु काशी से गंगाजल लेकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर रामेश्वरम के लिए यात्रा करें. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार रेलवे से बात कर प्रयास करेगी कि किस तरह काशी से रामेश्वरम की यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाया जाए, जिससे एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना मजबूत हो. (तस्वीर – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)