उत्तर प्रदेश के मथुरा में फरसा वाले बाबा (चंद्रशेखर सिंह) की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई. जिसके बाद नाराज लोगों ने हाईवे को जाम कर दिया. बाबा के साथियों का दावा है कि शनिवार सुबह बाबा दो साथियों के साथ गो तस्करों के ट्रक का पीछा कर रहे थे. बाबा ने ट्रक के सामने अपनी बाइक खड़ी कर दी, लेकिन रुकने के बजाय ट्रक ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ाकर बाबा को कुचल दिया और भाग गया. इस दौरान बाबा की मौके पर मौत हो गई.
इसके बाद बाबा की मौत की खबर सुनकर इलाके से भारी भीड़ जुड़ गई और दिल्ली-मथुरा हाईवे जाम कर दिया गया. जब जाम को खुलवाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची तो भीड़ हिंसक हो गई, उसने पथराव किया जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल भी हो गए. हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. हालांकि पुलिस बाबा को कुचले जाने की बात से इनकार कर रही थी.
पुलिस का कहना है कि एक सड़क हादसे में उनकी जान गई है बाद में प्रशासन के द्वारा लोगों की मांग स्वीकार करने का आश्वासन देने पर जाम को हटाया गया. जिला अधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया है कि बाबा की गौशाला को सहायता दी जाएगी, जहां बाबा का अंतिम संस्कार होगा वहां उनका समाधि स्थल भी बनवाया जाएगा. इधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर संज्ञान लिया है, उन्होंने अधिकारियों को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने और आरोपियों को सजा दिलाने का निर्देश दिया है. (AI-generated image)