पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक खास मजहब के लोग बंगाल में हिंदुओं का रहना मुश्किल कर देंगे. उन्होंने कहा कि साल 1905 में कट्टरपंथी ताकतों ने बंगाल में लाल इश्तहार जारी किया था, जिसके बाद हिंदुओं का नरसंहार हुआ. आज टीएमसी उसी की याद दिलाना चाहती है. प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के पापों का घड़ा भर चुका है, अब जनता बदलाव चाहती है. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और चुन चुन कर हिसाब लिया जाएगा.
प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी की सरकार में बंगाल की डेमोग्राफी में भयंकर बदलाव आया है. यहां घुसपैठियों को तृणमूल कांग्रेस का समर्थन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार इन घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर कर रही है.
उन्होंने कहा की एक तरफ तृणमूल कांग्रेस के करप्शन का खौफ है तो दूसरी तरफ विकास को रफ्तार देने वाली भारतीय जनता पार्टी का भरोसा है, एक तरफ तृणमूल कांग्रेस के घुसपैठ कराने का खौफ है तो दूसरी ओर घुसपैठियों को भगाने वाली भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा है. (तस्वीर साभार – नरेंद्र मोदी फेसबुक पेज से साभार)