दिल्ली का जामिया मिलिया इस्लामिया के वाइस चांसलर प्रोफेसर मजहर आसिफ ने कहा है कि – हम सब भारतीयों का डीएनए महादेव (शिवजी) का डीएनए है. उन्होंने यह बातें जामिया मिलिया इस्लामिया में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा आयोजित युवा कुंभ कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कही. उन्होंने कहा कि – जितने लोग यहां बैठे हैं, हमें नहीं लगता कि उनकी मातृभाषा एक होगी या सब एक ही संस्कार के होंगे. सभी की अलग-अलग परंपरा भी होगी. लेकिन इसके बावजूद हम सभी भारतीय हैं, क्योंकि हमारे डीएनए में महादेव का डीएनए है.
वाइस चांसलर प्रोफेसर मजहर आसिफ ने कहा कि – विश्व में सनातन संस्कृति सबसे अच्छी है, क्योंकि यह सभी के हित की बात करती है. महादेव के परिवार में अलग-अलग समुदाय और अलग-अलग वर्ग के लोग एक साथ एक जगह पर रहते हैं. शिवजी के गले में सांप और साथ में नंदी, गणेश जी के साथ चूहा, कार्तिकेय जी के साथ मोर, मां पार्वती के साथ शेर रहता है. सांप का सबसे प्रिय भोजन चूहा, मोर का अच्छा भोजन सांप, शेर का भोजन नंदी, इसके बाद भी सभी महादेव के परिवार में साथ रहते हैं. यह एक बड़ा संदेश है, कि हम अलग-अलग जाति-धर्म और संप्रदाय के लोग साथ-साथ मिल जुल कर रहें. सनातन संस्कृति भी हमें यही सिखाती है.