उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेश भेजने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी को लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को ऐसे मामलों में धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि ऐसे एजेंटों से पीड़ितों का पूरा पैसा भी वापस कराया जाए. साथ ही साथ आरोपियों की पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में जनता दर्शन के दौरान एक फरियादी महिला ने अपने परिवार के सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा ठगी के मामले की शिकायत की थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फौरन इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए.
विदेश में नौकरी, पढ़ाई या बेहतर जीवन का सपना दिखाकर की जाने वाली धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जहां ठग फर्जी एजेंट बनकर वीज़ा, टिकट या जॉब ऑफर के नाम पर लोगों से मोटी रकम ऐंठ लेते हैं और बाद में गायब हो जाते हैं। ऐसे मामलों में लोग अपनी जमा-पूंजी तक गंवा बैठते हैं और मानसिक तनाव का शिकार हो जाते हैं। इस तरह की ठगी से बचने के लिए किसी भी एजेंट को पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच करें, केवल सरकारी रूप से मान्यता प्राप्त संस्थानों से ही संपर्क करें, लिखित दस्तावेज और रसीद जरूर लें, और बिना सत्यापन के लालच भरे वादों पर भरोसा न करें। थोड़ी सी सावधानी और सही जानकारी आपको बड़ी आर्थिक और कानूनी परेशानी से बचा सकती है. (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)