उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले को लेकर कहा कि – जब तक जिन्ना की आत्मा वहां रहेगी, तब तक अराजकता जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में कट्टरपंथियों द्वारा हिंदुओं, बौद्धों और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की हत्या की जा रही है. उन्हें जलाया जा रहा है. उनकी संपत्ति लूटी जा रही है, महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है. वहां गरीबों और वंचितों का शोषण किया जा रहा है. यह 1947 में भारत के विभाजन का पाप है. उन्होंने कहा कि 1947 में पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं की बड़ी आबादी थी. 1971 तक बांग्लादेश में 22 फीसदी हिंदू आबादी थी. लेकिन अब यह केवल छह से आठ प्रतिशत रह गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि खुद अंबेडकर ने लोगों को आगाह किया था.
डॉ भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज कुछ लोग झूठ फैला कर समाज को गुमराह कर रहे हैं. ये वही लोग हैं जो हैदराबाद के निजाम द्वारा दलितों के गांवों को जलाए जाने और उनका शोषण किए जाने पर चुप थे. एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कुछ लोग सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न कर, सामाजिक एकता को तोड़कर आपको बांटकर फिर काटने और कटवाने का इंतजाम कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जाति के नाम पर राजनीति करके समाज को बांटने वाले लोग आज भी हैं. बगल के देश में क्या हो रहा है. पांच सौ साल पहले बाबर ने जो अयोध्या में किया. जो संभल में किया और आज जो बांग्लादेश में हो रहा है. तीनों की प्रकृति और तीनों का डीएनए एक जैसा ही है. इसको लेकर किसी को भी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए. जो लोग यहां समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं. वह लोग बांग्लादेश में जो हो रहा है. उन लोगों के लिए भेंट बन कर खड़े हैं.