पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई. इस झड़प के दौरान दोनों ओर से पथराव हुआ. हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने भीड़ को तितर बितर कर दिया. कोलकाता में रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जंगल राज वालों का काउंटडाउन शुरू हो गया है यह निर्मम वाली सरकार का अंत करीब आ गया है.
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस फिर कम्युनिस्ट, अब टीएमसी यह लोग एक के बाद एक आते रहे और अपनी जेब भरते रहे. अब समय आ गया है कि यह हालात बदले, बंगाल के युवाओं को बंगाल में ही काम मिले, नौजवान बंगाल के विकास का नेतृत्व करें. प्रधानमंत्री ने कहा टीएमसी जाएगी तो हर गरीब को पक्का घर मिलेगा. यह मोदी की गारंटी है. बंगाल के हर परिवार को बता देना जैसे ही उनकी सरकार जाएगी, गरीबों को पक्का घर बनना शुरू हो जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूरे बंगाल में एक ही चर्चा है कि बदलाव होना चाहिए. इस बार चुनाव सरकार बदलने का नहीं बंगाल की आत्मा को बचाने का है. आने वाले बदलाव के लिए मैं शुभकामनाएं देता हूं. (तस्वीर साभार – नरेंद्र मोदी फेसबुक पेज से साभार)