उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में पुलिस द्वारा सड़क पर नमाज की इजाजत नहीं देने को सही ठहराया है. उन्होंने कहा कि सड़क चलने के लिए है. जो लोग ये बोल रहे हैं उन्हें हिंदुओं से अनुशासन सीखना चाहिए. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 66 करोड़ लोग प्रयागराज में आए. कहीं कोई लूटपाट नहीं, आगजनी, छेड़छाड़ जैसा कोई अपराध नहीं हुआ. ये होता है अनुशासन. उन्होंने कहा कि श्रद्धा भाव से आए. मास स्नान में भाग लिए और अपने-अपने गंतव्य की ओर चले गए. ये होता है अनुशासन.
पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्व और त्यौहार या फिर कोई भी कार्यक्रम उदंडता करने का जरिया नहीं बनना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर आपको सुविधा चाहिए तो उस अनुशासन को भी मानना चाहिए. अगर आप तुलना कर रहे हैं कांवड़ यात्रा की तो वो हरिद्वार से लेकर गाजियाबाद और दूसरे इलाकों तक चलती है. यह यात्रा सड़क पर ही चलेगी. मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि क्या हमने किसी परंपरागत मुस्लिम जुलूस को कभी रोका. (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)