Delhi election 2025 – दिल्ली चुनाव में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एंट्री हो गई है. यहां करोलबाग इलाके में सीएम योगी के चुनावी नारे बंटोगे तो कटोगे के पोस्टर नजर आ रहे हैं. ऐसा माना जा रहा है कि दिल्ली में जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार में उतरने के साथ ही यह नारा और जोर पकड़ सकता है. साथ ही इस नारे का असर चुनाव में भी नजर आ सकता है.
दिल्ली के किराड़ी विधानसभा इलाके में जनसभा से मुख्यमंत्री ने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है. इस जनसभा में उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दिल्ली की सड़कों से बेहतर तो नोएडा की सड़कें हैं. उन्होंने आम आदमी पार्टी को झूठ का एटीएम बताया और धोखा देने का आरोप लगाया. सीएम योगी ने कहा कि 2020 में दिल्ली में हुए दंगों में आम आदमी पार्टी के पार्षदों की मिलीभगत पूरी तरह उजागर हुई. ये लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं.
संगम में अपने कैबिनेट के 54 मंत्रियों के साथ बैठक से पहले स्नान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनौती दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि – अगर एक मुख्यमंत्री के रूप में मैं और मेरे मंत्री संगम में स्नान कर सकते हैं तो क्या केजरीवाल भी अपने मंत्रियों के साथ यमुना जी में स्नान कर सकते हैं. अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार ने यमुना को गंदे नाले में बदल दिया है. मुख्यमंत्री योगी यहीं नहीं रुके उन्होंने पुजारियों के भत्ते के मुद्दे पर भी अरविंद केजरीवाल को घेरा. उन्होंने कहा कि – पुजारियों को भत्ते के वादे से आस्था के सम्मान की बात करने वाले केजरीवाल हिसाब दें कि कितने मंदिरों का दिल्ली में सौंदर्यीकरण कराया है. (तस्वीर साभार MYogiAdityanath फेसबुक पेज से साभार)