उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पांच लाख से ज्यादा छात्रों को दिवाली से ठीक पहले बड़ा तोहफा दिया है. उन्होंने प्रदेश के छात्रों को 297 करोड़ की स्कॉलरशिप प्रदान की. प्रदेश सरकार की ओऱ से मिले इस तोहफे से छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल गए हैं. सभी छात्र-छात्राओं ने पूरे दिल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि – इससे पहले भी विजयदशमी के मौके पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी. उन्होंने कहा कि पहले छात्रवृत्ति प्रदान करने की प्रक्रिया में भेदभाव, देरी और भ्रष्टाचार जैसी दिक्कतें आना बेहद आम बात थी. लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अगुवाई में टेक्नोलॉजी आधारित डीबीटी प्रणाली लागू होने से अब पात्र छात्रों के खाते में राशि सीधे पहुंच रही है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी पात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे. पिछले साल जिन छात्र-छात्राओं को संस्थानों की लापरवाही या पोर्टल की त्रुटियों की वजह से स्कॉलरशिप नहीं मिल सकी थी. उनके लिए पोर्टल को एक बार फिर से एक्टिव किया गया है. जैसे ही डाटा की एंट्री हो जाएगी, उसके बाद उन छात्र-छात्राओं को भी स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी. (तस्वीर साभार -एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)