उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उन्हें महाकुंभ में आने का निमंत्रण दिया है. इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री को महाकुंभ का प्रतीक अमृत कलश भी भेंट किया. करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच महाकुंभ की तैयारियों पर चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, रक्षामंत्री, गृहमंत्री, वित्तमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई लोगों को महाकुंभ में आने का निमंत्रण दे चुके हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि – आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की. आपके मार्गदर्शन और प्रेरणा से सनातन गर्व का प्रतीक महाकुंभ 2025, प्रयागराज आज आपने दिव्य, भव्य और डिजिटल स्वरूप से दुनिया को नए भारत का दर्शन करा रहा है. अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी. (तस्वीर साभार- माय योगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)