उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को होली और रमजान का त्यौहर शांति और सद्भावपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि त्योहार पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और हर छोटी घटना और सूचना पर फौरन जरूरी एक्शन लिया जाए. इसके अलावा दोनों समुदाय के लोगों से संवाद बनाए रखा जाए. इसके लिए शांति-सद्भावना समिति की बैठकें कर ली जाएं.
त्यौहार की तैयारियों और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि त्योहार पर कोई भी अराजकता फैलाने की कोशिश करे तो उसके खिलाफ तत्काल एक्शन लिया जाए. मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि किसी भी नागरिक को दिक्कत नहीं होनी चाहिए. होली वाले दिन सभी प्रमुख सड़कों, चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए जाएं. इसके अलावा यह सुनिश्चित किया जाए कि त्यौहार पर कोई नई परंपरा न शुरू हो. इसके अलावा त्यौहार पर बिजली और पानी की बिना बाधा आपूर्ति सुनिश्चित हो.