प्रयागराज में संगम तट पर मकर संक्रांति के पावन पर्व पर 1 करोड़ 3 लाख से ज्यादा लोगों स्नान किया. कड़ाके की ठंड के बाद भी श्रद्धालुओं ने सुबह तीन बजे से ही स्नान करना शुरू कर दिया था. इससे एक दिन पहले एकादशी पर 85 लाख लोगों ने संगम तट पर स्नान किया था.
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन संस्कृति की अक्षुण्ण परंपरा, समरसता की साधना और लोक-आस्था के दिव्य आलोक से अनुप्राणित महापर्व ‘मकर संक्रांति‘ के पावन अवसर पर माघ मेला में तीर्थराज प्रयाग की पुण्यधरा पर पधारे समस्त पूज्य साधु-संतों, कल्पवासव्रती साधकों एवं श्रद्धालुजन का अभिनंदन।
उन्होंने कहा कि आज 1 करोड़ 3 लाख से अधिक सनातन आस्थावानों ने अविरल-निर्मल त्रिवेणी में स्नान का पुण्य लाभ अर्जित किया। पावन स्नान पर्व को पूर्ण दिव्यता, भव्यता और सुव्यवस्था के साथ सकुशल संपन्न कराने में सहयोगी पूज्य अखाड़ों, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, मेला प्रबंधन, स्वच्छता सेवक, स्वयंसेवी संगठन, नाविक बंधु तथा प्रदेश सरकार के सभी विभागों को साधुवाद। प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई। (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)