उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनियमितता के आरोपों को लेकर वक्फ बोर्ड पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और ऐतिहासिक स्थलों पर उसके मनमाने दावे अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह वक्फ बोर्ड है या भू-माफिया बोर्ड है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब प्रदेश में माफियागिरी नहीं चलेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वक्फ के नाम पर कुछ लोगों ने प्रयागराज और अन्य शहरों में भी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की थी. जब हम महाकुंभ का आयोजन कर रहे थे तो वक्फ बोर्ड मनमाने ढंग से बयान दे रहा था कि प्रयागराज में कुंभ की जमीन भी वक्फ की जमीन है. क्या वह वक्फ बोर्ड है या भू-माफिया बोर्ड है.
प्रयागराज में निषादराज गुहा जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वक्फ बोर्ड की कथित अनियमितताओं के खिलाफ विधायी कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की भी सराहना की. हम उनके आभारी हैं, उन्होंने वक्फ बोर्ड की मनमानी पर लगाम लगाया. (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)