उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 से संबंधित राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों और सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की. बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संबंधित राष्ट्रीय राजमार्गों, बाईपास, इनर रिंग रोड और सेतु निर्माण के बाकी कार्यों को हर हाल में 25 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाए. इन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पूरी तरह सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए.
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ 2025 भारत की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का समागम है. महाकुंभ में देश और दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन होगा. श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित कर रही है. राष्ट्रीय राजमार्गों में बीस किलोमीटर पर एंबुलेंस और रिकवरी व्हीकल और विशेष परिस्थितियों से निपटने के लिए पेट्रोलिंग वाहन और क्रेन की व्यवस्था की जाए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि प्रदेश में नए राजमार्गों के निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही तेजी से पूर्ण की जाए. जिससे निर्माण कार्य समय से पूरे हो सकें. निर्माण कार्यों से संबंधित एनओसी की कार्यवाई भी समय से पूरी की जाए. इसके साथ-साथ रोड एक्सीडेंट की घटनाओं को कम करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं. (तस्वीर साभार- माई योगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)