उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस महाकुंभ की समाजवादी पार्टी सरकार आलोचना कर रही है, उसके आयोजन ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दी है. उन्होंने कहा कि महाकुंभ से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक का योगदान होगा. मुख्यमंत्री योगी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का नतीजा बताया और कहा कि यूपी देश की आत्मा है और पूरे विश्व में महाकुंभ के महाचमत्कार को देखा.
विधान परिषद में बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के सफल आयोजन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि जिस वक्त दुनिया भर की मीडिया इस महाकुंभ के आयोजन की सराहना कर रही थी. तब कुछ लोग सिर्फ इसकी कमियां निकालने में लगे थे. उन्होंने यह भी कहा कि महाकुंभ में देश भर से 60 करोड़ से ज्यादा लोग आए, लेकिन किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई, इससे यह साबित होता है कि भारत की सास्कृतिक एकता अटूट है.