लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए लाया गया अविश्वास प्रस्ताव लोकसभा में खारिज हो गया है. इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन में काफी हंगामा हुआ. यह हंगामा तब शुरू हुआ जब गृहमंत्री अमित शाह भाषण दे रहे थे. विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने ध्वनि मत कराया, जिसमें यह प्रस्ताव गिर गया. इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने स्पीकर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सवाल उठाया.
इस प्रस्ताव पर बहस के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 18वीं लोकसभा में कांग्रेस सांसदों को बोलने के लिए बीजेपी से दो गुना ज्यादा समय मिला. फिर भी विपक्ष के नेता कहते हैं कि हमें बोलने नहीं दिया जाता. जब बोलने का मौका आता है तो वह जर्मनी में होते हैं, इंग्लैंड में होते हैं. गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी सदन में प्रधानमंत्री मोदी से आकर गले लग जाते हैं, आंख मारते हैं. फ्लाइंग किस देते हैं. मुझे तो बोलने में भी शर्म आती है. ऐसे में यह स्पीकर के आचरण पर सवाल करते हैं उन्हें अपने आचरण पर भी सवाल करना चाहिए.
बता दे कि लोकसभा स्पीकर को हटाने के लिए 118 विपक्षी सांसदों के समर्थन से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था. इन सांसदों का कहना था कि स्पीकर ओम बिरला ने पक्षपात पूर्ण व्यवहार किया है और उनका कार्यालय अपेक्षित निष्पक्षता बनाए रखने में नाकाम रहा है. इन विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया कि स्पीकर सदन चलाते समय पक्षपात कर रहे हैं और विपक्ष को बोलने का पर्याप्त मौका नहीं दिया जा रहा है. इस प्रस्ताव के लंबित रहने के दौरान ओम बिरला ने नैतिक आधार पर कार्रवाई की अध्यक्षता न करने का फैसला लिया था. (तस्वीर साभार – अमित शाह फेसबुक पेज से साभार)