पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने एक बेतुका दावा किया है. उन्होंने कहा है कि भारत एक और युद्ध की तैयारी कर रहा है. जरदारी ने कहा कि इंडियन लीडर खुले तौर पर जंग की बातें कर रहे हैं. लेकिन एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो हमेशा क्षेत्रीय शांति का समर्थक रहा है, वह इस रास्ते की सिफारिश नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत के लिए तैयार है और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए युद्ध की बजाय संवाद ही एकमात्र विकल्प है.
आसिफ अली जरदारी ने कहा कि भारत युद्ध के माहौल से बाहर आए और सार्थक बातचीत की मेज पर बैठे, क्योंकि यही क्षेत्रीय शांति और स्थिरता का रास्ता है. पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर चल रहे संघर् पर आसिफ अली जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान की सीमा पर हो रहे हमलों को लेकर उसकी सहनशीलता की सीमा खत्म हो चुकी है. अफगानिस्तान का नेतृत्व दोहा समझौते का उल्लंघन कर रहा है, वहां की धरती पर आतंकी संगठनों को पनाह मिल रही है. ऐसे में पाकिस्तान अपने पड़ोसी इलाके में ऐसी किसी एक्टिविटी की इजाजत नहीं दे सकता.