उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी विधायक अबू आजमी के बयान को लेकर निशाना साधा है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि – समाजवादी पार्टी अब डॉक्टर लोहिया के विचारों से भटक चुकी है और उसने औरंगजेब को अपना आदर्श बना लिया है. जो व्यक्ति छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत पर गर्व करने की बजाए औरंगजेब को अपना आदर्श मानता है, उसे पार्टी से निकाल देना चाहिए. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश भेजना चाहिए, जहां उनका उचित इलाज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि औरंगजेब भारत की आस्था पर हमला करने वाला शासक था और उसका मकसद देश का इस्लामीकऱण करना था. कोई भी सभ्य व्यक्ति अपनी संतान का नाम औरंगजेब नहीं रखना चाहेगा.
बता दें कि महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने कहा था कि औरंगजेब एक कुशल प्रशासक था. उसने मंदिरों के साथ-साथ मस्जिदों को भी नष्ट करने का काम किया था. उनके इस बयान के बाद से विवाद बढ़ गया है. उन्हें विधानसभा से निलंबित कर दिया गया है. शिवसेना ने अबू आजमी को देशद्रोही बताते हुए उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है. इस बीच अबू आजमी ने अपनी सफाई देते हुए अपना बयान वापस ले लिया है. उन्होंने कहा कि अगर मेरी बात से किसी को बुरा लगा है तो मैं अपना बयान वापस लेता हूं, विधानसभा का काम नहीं रुकना चाहिए.