भव्य राममंदिर के निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ. 25 लाख दीयों से जब सरयू के तट जगमगाए तो अयोध्या में एक बार फिर विश्व रिकॉर्ड बना. एक साथ 25 लाख दिए जलने के साथ-साथ अयोध्या में इस बार सबसे बड़ी आरती का भी रिकॉर्ड बना. एक हजार से ज्यादा धर्माचार्यों ने एक साथ सरयू माता की आरती की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में मिली इस उपलब्धि के लिए सभी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह वर्ष अयोध्या के लिए अद्भुत, अनुपम, अलौकिक और अद्वितीय है. इस वर्ष 22 जनवरी 2024 को अयोध्या धाम के 500 साल का इंतजार समाप्त करके एक बार फिर भगवान श्रीराम अपनी जन्मभूमि पर विराजित होकर यह संदेश देकर गए हैं कि कभी अपने पथ से विचलित न होइए, संघर्ष का मार्ग अपनाइए. सफलता जरूर प्राप्त होगी.

देखि गजानन गहि गज लागा, हरषे द्विज बिप्रन्ह सब धागा. भगवान श्रीराम की जन्मस्थली पावन अयोध्या धाम में आयोजित दीपोत्सव 2024 के अवसर पर लेजर शो के माध्यम से संपूर्ण विश्व, धर्मनगरी की अद्भुत-अलौकिक आभा की अनुभूति कर रहा है. सबका उत्सव, अयोध्या दीपोत्सव- भारतीय जनता पार्टी

विपक्ष पर सीएम योगी ने साधा निशाना
अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो लोग अयोध्या में ताल ठोंकना चाहते हैं, वो लोग राम की पैड़ी में स्नान के लिए सड़ा जल छोड़ देते थे. जिन लोगों को काम नहीं करना था, वो पहले राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करते थे. वो राम भक्तों पर गोलियां चलाते थे. उन्होंने कहा कि अब जब अयोध्या में विकास हो रहा है तो इसमें बैरियर बनना है, लेकिन हम लोग ये बैरियर भी हटा रहे हैं. ऐसे ही जैसे यूपी को माफिया से मुक्त करके सुरक्षित जगह बनाया है. सनातन धर्म के मार्ग में जितने रोड़े हैं उनको समाप्त किए बिना हम विश्राम नहीं करेंगे. जो इस मार्ग में रोड़े बनेगा. उसकी वही दुर्गति होनी है जो यूपी में माफियाओं की हुई.