उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी को लेकर एक वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों का खंडन किया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से काशी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि टूटी हुई मूर्तियों की एआई द्वारा जनरेट की गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर यह झूठ फैलाया जा रहा है कि काशी में मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी अविनाशी है, यहां हर सनातन धर्म धर्मावलंबी और हर भारतवासी अपार श्रद्धा का भाव रखता है. लेकिन आजाद भारत में काशी को जो सम्मान मिलना चाहिए था जो विकास यहां होना चाहिए था और जो समग्र विकास के कार्यक्रम का महत्व मिलना चाहिए था वह आजादी के तत्काल बाद नहीं मिल सका. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक के भीतर काशी ने एक बार फिर अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए उसका संवर्धन किया. इसके साथ ही साथ भौतिक विकास के कार्यों के माध्यम से वाराणसी ने नई ऊंचाइयां प्राप्त की. आज बनारस को एक नई वैश्विक पहचान मिली है. (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)