बांग्लादेश के खुलना में एक हिंदू लड़के पर ईश निंदा का आरोप लगाकर भीड़ ने पुलिस हिरासत में बुरी तरह पीट कर घायल कर दिया. थाने में लड़के से पूछताछ चल ही रही थी कि भीड़ जबरन थाने में घुस गई और युवक पर हमला कर दिया. फिर से खींच कर बाहर लाया गया. उसके साथ बेरहमी से पिटाई की गई. इसके बाद मस्जिद से उत्सव मंडल नाम के इस हिंदू बच्चे की मौत का एलान मस्जिद के लाउडस्पकर से कर दिया गया. इसके बाद उत्सव पर हमला करने वाली भीड़ ने पुलिस स्टेशन के बाहर उसकी मौत का जश्न मनाया. इस हमले के लिए भीड़ का शुक्रिया अदा किया गया. हालांकि उत्सव मंडल की मौत नहीं हुई थी. भीड़ ने उसे मरा समझ लिया था. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच लगातार हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं. इस बीच बांग्लादेश में राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक नोटिफिकेश में वहां के मंत्रालयों और विभागों में तैनात हिंदू अधिकारियों से उनकी निजी जानकारी मांगी गई है. इस नोटिफिकेश के जारी होने के बाद से वहां हिंदू अधिकारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
ऐसा माना जा रहा है कि बांग्लादेश में हिंदू अधिकारियों की लिस्ट तैयार की जा रही है. इसके बाद वहां नस्ल के आधार पर धार्मिक भेदभाव किया जाएगा. इस नोटिफिकेशन को लेकर हिंदू अधिकारी डरे हुए हैं. हालांकि वहां की अंतरिम सरकार ऐसे किसी डर को खारिज कर रही है. बांग्लादेश के हिंदू अधिकारियों में डर की एक वजह इसलिए भी है क्योंकि पिछले दिनों 5 अगस्त के बाद से वहां 50 से ज्यादा हिंदू शिक्षाविदों पर दबाव बनाकर उन्हें नौकरी से इस्तीफा देने को मजबूर किया गया.