बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट और नई अंतरिम सरकार के गठन के बाद से लगातार हिंदुओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा अभी तक जारी है. ब्रिटेन के बाद अमेरिका ने भी इन हमलों को लेकर चिंता जताई है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारग्रेट मैकलियॉड ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों का दमन चिंताजनक है. हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं. सभी को अपने धर्म को मानने का हक है.
इससे पहले ब्रिटेन के सांसदों ने भी बांग्लादेशी हिंदुओं पर हो रहे हमले को लेकर चिंता जताई थी. विपक्षी कंजरवेटिव पार्टी के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने कहा कि – शेख हसीना के सत्ता से बाहर होने के बाद हिंदुओं का सफाया करने की कोशिश हो रही है. वहां हिंदुओं की दुकानें और घर में तोड़े और जलाए जा रहे हैं. पुजारियों को गिरफ्तार किया जा रहा है. इस मामले पर एक्शन की जिम्मेदारी हमारी है. क्योंकि हमने ही बांग्लादेश को आजादी दिलाई थी.