उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा है. विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी ने कफ शिरप मामले में सवालों के जवाब के दौरान कहा कि – देश के अंदर दो नमूने हैं, एक दिल्ली में और एक लखनऊ में बैठते हैं. जब देश में कोई चर्चा होती है तो वो देश छोड़कर चले जाते हैं, मुझे लगता है कि यही आपके बउआ के साथ भी होता है. वह फिर इंग्लैंड सैर सपाटे पर चले जाएंगे और आप यहां चिल्लाते रहेंगे.
कोडिन कफ सिरप मामले में आरोपी के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मैं विपक्ष का दर्द समझ सकता हूं. क्योंकि जब एक्शन आखिरी स्टेज पर पहुंचेगा तो आप में से कई फातिहा पढ़ने लग जाएंगे. हम आपको ऐसी हालत में भी नहीं छोड़ेंगे कि आप फातिहा पढ़ सकें. हम ऐसी ही कार्रवाई करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान के जवाब में समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि – आत्म स्वीकृति…, किसी को उम्मीद नहीं थी कि दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई यहां तक पहुंच जाएगी. संवैधानिक पदों पर बैठे लोग मर्यादा की सीमा न लांघें, उन्होंने लिखा कि भाजपा वाले अपनी पार्टी के अंदर की खींचतान को चौराहे पर न लाएं. (तस्वीर साभार- एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)