उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, ये बहन-बेटियों के सम्मान की रक्षा का संकल्प है. जो हमारी माता-बहनों के माथे से सिंदूर मिटाने का दुस्साहस करेगा. उसका मिट्टी में मिलना तय है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा, हर बार का जवाब हमारी शर्तों पर होगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नाम संबोधन, आतंक के खिलाफ नए भारत की नीति का स्पष्ट एलान है. उन्होंने आगे कहा कि सेना को नमन और प्रधानमंत्री का राष्ट्रवादी नेतृत्व के लिए अभिनंदन, हम भारतवासियों के लिए राष्ट्र ही सर्वोपरि रहेगा.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जिन आतंकवादियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर मिटाया, हमने उम्हें मिटा दिया. हमारे ऑपरेशन में सौ से ज्यादा खूंखार आतंकवादी मारे गए. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की गुहार पर भारत ने संघर्ष रोकने की सहमति दी है. प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि हमने पाकिस्तान के खिलाफ मिलिट्री एक्शन को सिर्फ स्थगित किया है. पाकिस्तान का रवैया देखकर आगे का एक्शन तय करेंगे. हम पाकिस्तान से आतंकवाद और पीओके पर ही बात करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया. उनकी वीरता साहस और पराक्रम को देश की मां-बेटी को समर्पित करता हूं. पहलगाम हमला मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से पीड़ा वाली बात थी. इस आतंकी हमले के बाद सारा राष्ट्र हर नागरिक हर समाज हर वर्ग हर राजनीतिक दल एक आवाज में आतंक के खिलाफ एक्शन के लिए साथ आया. हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए सेनाओं को पूरी छूट दी. आज हर आतंकी, आतंक का हर संगठन जान चुका है कि हमारी बहनों बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है. (तस्वीर साभार – एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)