उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने सभी को जागरुक करते हुए कहा था कि सनातन धर्म सबसे प्राचीन धर्म है. हर भारतवासी को इस पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने शिकागो समिट में जब भारतीय सनातन मूल्यों को वैश्विक मंच पर रखा तो उनके वक्तव्य को सुनकर दुनिया मंत्रमुग्ध और भाव विभोर हो गई. स्वामी विवेकानंद ने उस कालखंड में जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था. वैश्विक पटल पर सनातन वैदिक संस्कृति को प्रभावी ढंग से प्रतिष्ठित किया. इस युवा सन्यासी ने अपने विचारों और आचरण की सभ्यता में राष्ट्र के प्रति चेतना जागृत करने के बड़ी भूमिका निभाई है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुलामी के कालखंड में सनातन वैदिक मूल्यों की चर्चा दुरूह होने के बावजूद स्वामी विवेकानंद ने गर्व से कहो हम हिंदू हैं का उद्घोष किया.
स्वामी विवेकानंद की जयंती और युवा दिवस के मौके पर गोरखपुर में स्वामी जी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का कहना था कि चुनौती जितनी कठिन होगी उसके अनुरूप मेहनत करने पर जीत और शानदार होगी. उनका कहना था कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता है. स्वामी जी के आदर्शों पर चलकर कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए हमारा देश आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो गया है और तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है.