उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जाति, मत और संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने का कुचक्र वही नतीजा लाता है जो आज बांग्लादेश में दिखाई देता रहा है. वहां हिंदू समाज के लोग उत्पीड़न के शिकार हो रहे हैं लेकिन सेक्युलेरिज्म के ठेकेदारों की जुबान पर टेप लगा हुआ है. न आवाज उठ रही है और न संवेदना का कोई दीप जल रहा है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सनातन को बांटने वालों को पनपने नहीं दिया जाएगा.
जगदगुरु रामनंदाचार्य के 726वें जन्मोत्सव समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि – जो ताकतें हिंदू समाज और सनातन धर्म को कमजोर करना चाहती हैं, वो किसी की हितैषी नहीं हो सकती हैं. सत्ता में रहते हुए जिन्होंने अपने परिवार से आगे नहीं सोचा वो आज भी अवसर मिलते ही पहचान का संकट और अराजकता पैदा करेंगे. ऐसे तत्वों से सतर्क रहना ही समाज और देश की सुरक्षा है.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण उसी संकल्प का नतीजा है. उन्होंने कहा कि देश 1947 में आजाद हुआ लेकिन अयोध्या का संकल्प और साधना को मूर्त रूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया. (तस्वीर साभार- एमयोगी आदित्यनाथ फेसबुक पेज से साभार)