उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में अचानक मौसम बिगड़ने से हुई बारिश को लेकर अधिकारियों को अलर्ट किया है. मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश के अधिकारियों को फौरन राहत कार्य में जुटने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि जिम्मेदार अधिकारी इलाके में घूम कर सर्वे करें और राहत कार्य की निगरानी करें. जिन जगहों पर खराब मौसम की वजह से नुकसान हुआ है, वहां फौरन प्रभावित परिवारों को राहत राशि प्रदान करें. साथ ही साथ अगर कोई घायल हुआ है तो उसका इलाज भी कराएं.
बता दें कि उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम से लेकर गुरुवार सुबह के बीच लखनऊ, कानपुर और सीतापुर में तेज बारिश हुई. यही नहीं कई इलाकों में तेज हवा के साथ ओले भी गिरे हैं. जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम खराब हो गया है. हालांकि खराब मौसम की वजह से तापमान में काफी गिरावट आई है.